सोनतराई में अवैध बाक्साइट डंप कर चल रहा क्रशिंग प्लांट,डस्ट से घर और खेत प्रभावित; एसडीएम बोले
बिना अनुमति लगाए गए क्रेशर मशीन पर उठे सवाल, डस्ट से घर और खेत प्रभावित; एसडीएम बोले – “मेरे द्वारा कोई परमिशन नहीं दी गई”

The Chalta/सीतापुर क्षेत्र के ग्राम सोनतराई में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से बाक्साइट डंप कर क्रशिंग किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां लंबे समय से बाक्साइट का अवैध भंडारण किया गया है और अब उसी सामग्री को क्रेशर मशीन लगाकर क्रश किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी वैध अनुमति के क्रशिंग प्लांट संचालित किया जा रहा है, जिससे शासन के नियमों की खुली अनदेखी हो रही है। क्रशिंग के दौरान उड़ने वाली भारी मात्रा में डस्ट (धूल) से आसपास के घरों में रहने वाले लोग परेशान हैं। इसके साथ ही किसानों के खेतों में भी धूल की परत जम रही है, जिससे फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार लगातार हो रही क्रशिंग से क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ सकता है। ग्रामीणों ने इस अवैध गतिविधि पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
मामले को लेकर जब सीतापुर एसडीएम रामसिंह ठाकुर से संपर्क किया गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके द्वारा इस प्रकार के किसी भी क्रशिंग प्लांट या बाक्साइट क्रशिंग की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि आखिर किसकी अनुमति से यह कार्य किया जा रहा है।
एसडीएम ने कहा कि जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी और यदि अवैध कार्य पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से डंप किए गए बाक्साइट और संचालित क्रशिंग प्लांट की तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में फैल रहे प्रदूषण और नियमों के उल्लंघन पर रोक लग सके।



