नमना कला में आबकारी की छापेमारी, महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार
7 लीटर शराब जब्त, एक आरोपी फरार; कुल 19.5 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद

अंबिकापुर/संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नमना कला स्थित शनि मंदिर के पास छापेमारी की। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान मोहरमनिया के पास से 7 लीटर महुआ शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) व 59(क) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

छापे के दौरान मोहरमनिया के घर के बगल में खुले घर से 10.5 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसे पड़ोसियों ने उत्तम चेरवा का घर बताया। कार्रवाई के दौरान उत्तम चेरवा मौके से फरार हो गया। वहीं सीता चेरवा के घर से भी 2 लीटर महुआ शराब जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार नमना कला क्षेत्र लंबे समय से अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए कुख्यात रहा है और यहां लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी के नेतृत्व में की गई, जिसमें मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारू राम तथा महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



