सरगुजा में आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
896 नग स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई; विशेष न्यायालय के आदेश पर तीनों जेल दाखिल

अंबिकापुर, 19 फरवरी 2026/संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा टीम ने प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल की बिक्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 896 नग प्रतिबंधित SPASMO PROXYVON PLUS कैप्सूल बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(C) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल करने का आदेश दिया गया।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में 18 फरवरी 2026 को गश्त के दौरान टीम कत्कालो बाजार, थाना दरिमा पहुंची। यहां एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, जो भागने लगा। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुकेश गुप्ता, निवासी करजी थाना दरिमा बताया। तलाशी लेने पर उसके झोले से 224 नग प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद हुए।
इसी दिन शाम को मुखबिर से सूचना मिली कि सूअरपारा पानी टंकी, थाना बतौली के पास दो युवक नशीले कैप्सूल की सप्लाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर राहुल तिग्गा और नितेश चौहान को पकड़ा। उनके कब्जे से 472 नग SPASMO PROXYVON PLUS कैप्सूल जब्त किए गए।

तीनों आरोपियों को 19 फरवरी 2026 को माननीय विशेष न्यायालय अंबिकापुर में रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश प्राप्त हुआ।
इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारु राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, ओमप्रकाश गुप्ता एवं महिला सैनिक चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सरगुजा जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी रहेगा।



