परीक्षा देने निकले दो सपनों की दर्दनाक मंज़िल: सड़क हादसे में एक छात्र की मौत, दूसरा गंभीर
फिजिक्स की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे 12वीं के छात्र राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर दुर्घटना का शिकार; स्कूल और गांव में छाया मातम

बतौली। शुक्रवार सुबह बतौली क्षेत्र में एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। 12वीं बोर्ड की फिजिक्स परीक्षा देने जा रहे दो छात्र तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बतौली बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने जा रहे स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के दो छात्र — अनिकेश तिवारी (पिता: कुलदीप तिवारी, निवासी झेराडीह) और मिशाक एक्का (पिता: चंदेश्वर एक्का, निवासी वेलकोटा) — बिना नंबर की केटीएम बाइक से परीक्षा केंद्र की ओर आ रहे थे।
जैसे ही वे ग्राम कुनकुरी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर पहुंचे, सड़क किनारे मकान निर्माण के लिए रखी गिट्टी से बाइक अनियंत्रित होकर उछल गई। बताया जा रहा है कि बाइक लगभग 20 मीटर दूर बने यात्री प्रतीक्षालय से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में मिशाक एक्का की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अनिकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही 112 की सहायता से घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
स्कूल और परिवारों में पसरा मातम
आज 12वीं बोर्ड की फिजिक्स परीक्षा का पहला प्रश्नपत्र सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित था। परीक्षा केंद्र समय पर पहुंचने की जल्दबाजी में तेज रफ्तार से चल रही बाइक ने दो परिवारों के सपनों को अधूरा कर दिया।
मिशाक एक्का की असमय मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं विद्यालय परिसर में भी शोक का माहौल है। सहपाठी और शिक्षक स्तब्ध हैं – जो छात्र कुछ घंटों बाद परीक्षा कक्ष में बैठने वाले थे, वे अब हमेशा के लिए खामोश हो गए।
सड़क किनारे निर्माण सामग्री बन रही खतरा
ग्रामीणों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग 43 के किनारे लंबे समय से निर्माण सामग्री रखी जा रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बावजूद इसके पर्याप्त सावधानी नहीं बरती जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे रखी सामग्री को तत्काल हटाया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरों की याद दिला दी है – जहां कुछ मिनटों की जल्दबाजी जिंदगी भर का पछतावा बन सकती



