सीतापुर:“एक रात, एक गुस्सा… और दो बच्चे ज़िंदगी भर के लिए अनाथ”
घरेलू विवाद में पति ने पत्नी मंजू की गला दबाकर हत्या , मोबाइल पर बोला– “मार दिया”… बच्चों के सिर से उठा मां का साया

सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनतराई में पारिवारिक कलह ने एक परिवार को उजाड़ दिया। 09 फरवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे एक पति ने अपनी पत्नी मंजू देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। पिता के इस निर्मम वारदात ने मां को छीन लिया और दो मासूम बच्चों को जीवन भर का ज़ख़्म दे दिया।

मृतका मंजू देवी की शादी करीब 10–11 वर्ष पहले शशिभूषण कुमार (38 वर्ष) निवासी बरवाडीह थाना क्षेत्र, जिला लातेहार (झारखंड) से हुई थी। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं। बीते करीब 7 माह पूर्व से परिवार सोनतराई, सीतापुर में रह रहा था। पड़ोसियों और परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

घटना की रात विवाद इस कदर बढ़ा कि पति ने आपा खो दिया। बाद में आरोपी ने परिजनों को फोन कर कहा—“मैंने मंजू को मार दिया है।” जब दोबारा फोन पर पूछा गया तो उसने स्वीकार किया कि गमछा से गला दबाकर हत्या की है।

सूचना मिलने पर परिजन जब मौके पर पहुंचे तो मंजू देवी मृत अवस्था में पाई गई। उसके गले पर गला दबाने के स्पष्ट निशान थे। वहीं, घर के कोने में सहमे बैठे दो मासूम बच्चे अपनी मां को निहारते रहे, जिन्हें शायद अब भी यह समझ नहीं आ रहा था कि उनकी मां कभी लौटकर नहीं आएगी।
थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया -घटना की सूचना 10 फरवरी 2026 को थाना सीतापुर में दी गई। आरोपी पति के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है और रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले की विवेचना जारी है।
एक पल की हिंसा ने न सिर्फ एक महिला की जान ले ली, बल्कि दो बच्चों से उनका पूरा संसार छीन लिया।



