संस्कृति इंग्लिश मीडियम स्कूल पेटला में पहली बार अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर हुआ सार्थक संवाद
शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य और करियर को लेकर विशेषज्ञों ने अभिभावकों को किया जागरूक

The Chalta/पेटला / 10 फरवरी 2026/संस्कृति इंग्लिश मीडियम स्कूल, पेटला में आज पहली बार अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों एवं शिक्षकों को बच्चों की शिक्षा, करियर, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूक करना रहा। संगोष्ठी में क्षेत्र के शिक्षाविदों, चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा कर अभिभावकों को मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ताओं के रूप में श्रीमती मैरीमंजरी मिंज बरा (प्राचार्य, HSS पेटला), श्री प्रभाकर उपाध्याय (प्राचार्य, साधराम विद्या मंदिर, सूरजपुर), अधिवक्ता श्री राजेश गुप्ता, डॉ. नीरज कुशवाहा (एमडी मेडिसिन), व्याख्याता श्री मगलूम आलम (HSS पेटला), श्री संदीप गुप्ता (नवनीत पब्लिकेशन, अंबिकापुर) तथा श्री तिलक बेहरा (चेयरमैन, SEMS पेटला) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के मंगलाचरण से हुई। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर, तिलक एवं बैच लगाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए श्री प्रभाकर उपाध्याय ने कहा कि “बच्चों का भविष्य केवल स्कूल से नहीं बल्कि घर के वातावरण से भी बनता है। अभिभावकों को बच्चों की रुचि और क्षमता को पहचानकर सही दिशा देनी चाहिए। पढ़ाई के साथ संस्कार, अनुशासन और संवाद अत्यंत आवश्यक हैं।”

अधिवक्ता श्री राजेश गुप्ता ने प्रेरक उदाहरण देते हुए कहा कि “अगर बच्चे को राम बनाना है, तो अभिभावकों को दशरथ बनना पड़ेगा। बच्चों में संस्कार, अनुशासन और योग का समावेश जरूरी है। अच्छे नंबर लाना आसान है, लेकिन अच्छा इंसान बनाना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।”

डॉ. नीरज कुशवाहा ने बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के बिना बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। मोबाइल की अधिकता, जंक फूड और अनियमित दिनचर्या बच्चों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचा रही है। अभिभावकों को खान-पान, नींद, खेलकूद और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए।”
चेयरमैन श्री तिलक बेहरा ने कहा कि इस संगोष्ठी में सीतापुर क्षेत्र के डॉक्टर, अधिवक्ता, प्राचार्य एवं अन्य गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया, ताकि अभिभावकों के साथ-साथ संस्था के शिक्षकों को भी समुचित मार्गदर्शन मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के डायरेक्टर श्री पुरुषोत्तम बेहरा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हायर सेकंडरी स्कूल पेटला के प्राचार्य मैरी मंजरी बड़ा एवं व्याख्याता मगलूम आलम ने शिक्षा, नैतिक मूल्यों, करियर मार्गदर्शन एवं सकारात्मक पारिवारिक वातावरण पर अपने विचार साझा किए। अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता के साथ यह संगोष्ठी प्रेरणादायक एवं सार्थक वातावरण में संपन्न हुई।



