सीतापुर विद्युत विभाग में ₹2.94 करोड़ के गबन का खुलासा,दो गिरफ्तार-तीन की तलाश…
सीतापुर पुलिस ने विद्युत विभाग में वर्ष 2019 से 2021 के बीच हुए ₹2 करोड़ 94 लाख 29 हजार 482 रुपये के गबन के मामले में कार्रवाई

The Chalta/सीतापुर (सरगुजा)/विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय सीतापुर-पेटला में करोड़ों रुपये के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। थाना सीतापुर पुलिस ने विद्युत विभाग में वर्ष 2019 से 2021 के बीच हुए ₹2 करोड़ 94 लाख 29 हजार 482 रुपये के गबन के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रकरण में अपराध क्रमांक 21/2022 धारा 120-बी एवं 409 भादंवि के तहत दर्ज किया गया है। मामले की सूचना 19 जनवरी 2021 को प्राप्त हुई थी। गबन विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय सीतापुर में पदस्थ कर्मचारियों द्वारा किया गया।
जांच में सामने आया कि तत्कालीन सहायक अभियंता सहित कार्यालय के कुछ कर्मचारियों ने मिलीभगत कर विद्युत उपभोक्ताओं से जमा की गई राजस्व राशि को कंपनी के खाते में जमा न कर गबन किया। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह आर्थिक अनियमितता उजागर हुई।
इस मामले में आरोपी सुनील कुमार केरकेट्टा (लाइनमैन संविदा) एवं श्रीकांत खलखो (कंप्यूटर ऑपरेटर) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं सहायक अभियंता राजेंद्र कुमार पन्ना ,कार्यालय सहायक गणेश सिंह, अरविंद सागर के विरुद्ध भी अपराध दर्ज कर लिया गया है और पता तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर श्रीकांत खलखो द्वारा राजस्व राशि की एंट्री की जाती थी, लेकिन नियमानुसार राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं की गई, जिससे लंबे समय तक गबन होता रहा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अखिलेश सिंह, उप निरीक्षक अरुण गुप्ता, प्रधान आरक्षक नीरज पाण्डेय, नेतराम पैकरा एवं आरक्षक राकेश यादव का विशेष योगदान रहा।
थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



