प्रगति पोर्टल से योजनाओं को रफ्तार, छत्तीसगढ़ में 91% समाधान दर: मुख्यमंत्री साय
न्यू सर्किट हाउस रायपुर में प्रेसवार्ता, 6.11 लाख करोड़ के निवेश से 99 राष्ट्रीय अवसंरचना परियोजनाएँ संचालित

The Chalta/रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रेसवार्ता के माध्यम से प्रगति पोर्टल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति प्लेटफॉर्म ‘मिनिमम गवर्नमेंट–मैक्सिमम गवर्नेंस’ के संकल्प को साकार करने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है, जिससे केंद्र और राज्य सरकार के बीच योजनाओं का समन्वित व पारदर्शी क्रियान्वयन संभव हो पाया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि प्रगति पोर्टल के माध्यम से देशभर में अब तक लगभग 85 लाख करोड़ रुपये की लागत वाली 3,300 से अधिक परियोजनाओं को गति दी गई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से जुड़े 200 मुद्दे प्रगति प्लेटफॉर्म पर दर्ज किए गए थे, जिनमें से 183 का सफलतापूर्वक समाधान किया जा चुका है। इससे राज्य की समाधान दर 91 प्रतिशत से अधिक रही है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 99 राष्ट्रीय अवसंरचना परियोजनाएँ संचालित हैं, जिनमें 6.11 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएँ प्रदेश के समग्र विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति दे रही हैं।



