नगर में लूट की बड़ी साजिश नाकाम, नट गिरोह की करतूत आई सामने
सर्राफा व्यापारी की सतर्कता से बची बड़ी वारदात, भागते समय बदमाशों की बाइक पलटी, एक घायल

The Chalta/मंगलवार रात नट गिरोह द्वारा सर्राफा व्यापारी से लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रची गई थी, लेकिन व्यापारी की सतर्कता से यह घटना टल गई। पूरी घटना दुकान व गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर के सर्राफा व्यापारी ब्रह्मदेव सोनी की पत्नी मंगलवार रात लगभग साढ़े सात बजे दुकान बंद कर कर्मचारी के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। मुख्य मार्ग से घर जाने का रास्ता एक सुनसान गली से होकर गुजरता है। इसी दौरान गली में पहले से घात लगाए दो नकाबपोश युवक बाइक पर बैठे मिले, जिन्हें देखकर वे संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त प्रतीत हो रहे थे।
कुछ दूरी आगे बढ़ने पर दोनों नकाबपोश युवकों ने सर्राफा व्यापारी की पत्नी और कर्मचारी का पीछा करना शुरू कर दिया। स्थिति को भांपते हुए कर्मचारी ने तत्काल मोबाइल फोन पर ब्रह्मदेव सोनी को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही व्यापारी स्वयं मौके की ओर रवाना हो गए।
व्यापारी के पहुंचने से पहले ही बदमाशों ने लूट की नीयत से बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारी के पहुंचने और शोर मचने के कारण बदमाश घबरा गए और तेज रफ्तार में फरार होने लगे। बदमाश बाइक क्रमांक CG 04 UP 5625 से भाग रहे थे।
भागने के दौरान चलता कापू मार्ग पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा युवक मामूली रूप से घायल हुआ। पकड़े जाने के डर से दूसरा बदमाश अपने घायल साथी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घायल युवक की पहचान संजय नट के रूप में हुई है, जो रायगढ़ जिले के विजय नगर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
घटना के बाद से सर्राफा व्यापारी एवं क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है तथा नट गिरोह की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



