कांग्रेस ने सीतापुर में निकाली संविधान बचाओ रैली:पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं पूर्व मंत्री सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं का बरसते पानी में भी हौसला नहीं हुआ कम..
पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव एवं पूर्व मंत्री अमरजीत भगत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने नक्सलियों द्वारा किये गए झीरम हत्याकांड में शहीद हुए कांग्रेसी नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की..

सीतापुर:-भाजपा की केंद्र सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने संविधान बचाओ रैली निकाली।स्थानीय विश्रामगृह से रैली पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव पूर्व खाद्यमंत्री अमरजीत भगत जिलाध्यक्ष कांग्रेस बालकिशन पाठक के नेतृत्व में मुख्य मार्ग से होते हुए कार्यक्रम स्थल अग्रसेन भवन पहुंची और नक्सलियों द्वारा किये गए झीरम हत्याकांड में शहीद हुए कांग्रेसी नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर स्मरण करते किया गया।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने कहा कि संविधान को लेकर केंद्र सरकार की मंशा ठीक नही है।केंद्र में बैठी भाजपा की सरकार बाबा साहब के बनाये संविधान को बदलना चाहती है।जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है और जरूरत पड़ी तो संविधान की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेंगे।
पूर्व खाद्यमंत्री अमरजीत भगत ने केंद्र में बैठी मोदी सरकार बिल्कुल तानाशाह और निरंकुश हो चुकी है। अपने विरुद्ध आवाज उठाने वाले को केंद्र की भाजपा सरकार दबाना चाहती है।इसलिए वो बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के बनाये संविधान को बदलना चाहती है।ताकि वो अपनी मंशा को भविष्य में अंजाम दे सके।जिसके विरोध में राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पूरे देश में संविधान बचाओ रैली निकाली जा रही है।हमारे नेता राहुल गांधी की अगुवाई में केंद्र सरकार की मंशा के विरोध में लड़ाई लड़ी जा रही है।जिलाध्यक्ष कांग्रेस बालकिशन पाठक ने कहा कि बाबा साहब द्वारा बनाये गए संविधान में हर जाति धर्म समुदाय को बराबर अधिकार दिए गए है।जिसे भाजपा की केंद्र सरकार बदलकर अपने अनुसार बनाना चाहती है।केंद्र सरकार की इस मंसूबे को कांग्रेस कभी पूरा नही होने देगी।संविधान बचाने के लिए कांग्रेस हर लड़ाई लड़ने को तैयार है।
कार्यक्रम को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सीतापुर तिलक बेहरा,अधिवक्ता राजेश गुप्ता,बतौली प्रदीप (पालु) गुप्ता, मैनपाट बलराम यादव, अशोक गुप्ता ,बिगन राम,फुलसाय लकड़ा,अटल यादव समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर कड़े प्रहार किए।उन्होंने कहा कि अगर केंद्र की भाजपा सरकार संविधान से छेड़छाड़ करती है तो हम उसकी ईट से ईंट बजा देंगे।इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ता समेत ग्रामीण क्षेत्रों से काफी संख्या में लोग शामिल हुए थे।
बरसते पानी में भी हौसला नहीं हुआ कम
निर्धारित समय पर दोपहर दो बजे स्थानीय विश्राम गृह से जब संविधान बचाओ रैली निकली।तब मौसम का मिजाज बदलने लगा था।जैसे ही रैली बीच शहर में पहुँची बारिश शुरू हो गई।बारिश शुरू होते ही कुछ देर के लिए रैली में अफरातफरी का माहौल बन गया था।लेकिन जब पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव एवं पूर्व खाद्यमंत्री अमरजीत भगत समेत अन्य दिग्गज कांग्रेसी नेताओं को बरसते पानी में चलते देखा।तब बारिश की वजह से सुरक्षित जगह पर शरण लेने वाले कांग्रेसियों का हौसला जाग उठा।इसके बाद बरसते पानी में भी लोग रैली में शामिल हुए जिससे रैली में अच्छी खासी भीड़ जमा हो गई।यह भीड़ पूरे हौसले के साथ कार्यक्रम स्थल तक रैली में शामिल रही।