छूटे हुए खसरों की मैपिंग के लिए सोसायटी मॉड्यूल फिर शुरू
एग्रीस्टैक में अप्रूव किसानों के छूटे हुए खसरे अब सोसायटी स्तर पर जुड़ सकेंगे, कंप्यूटर ऑपरेटर के माध्यम से होगी डेटा एंट्री

सीतापुर। धान खरीदी की तैयारियों के बीच किसानों के लिए राहत भरी खबर है। सोसायटी मॉड्यूल में खसरा मैपिंग की सुविधा एक बार फिर शुरू कर दी गई है। इसके बाद अब ऐसे किसान, जिनके खसरे पहले पंजीयन या मैपिंग प्रक्रिया के दौरान छूट गए थे, वे संबंधित समिति में जाकर अपने छूटे हुए खसरे जुड़वा सकेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोसायटी स्तर पर डेटा एंट्री ऑपरेटरों को एग्रीस्टैक (AgriStack) के यूएफआर (UFR) में पहले से मौजूद लेकिन मैपिंग से छूटे हुए खसरों को जोड़ने की सुविधा दी गई है। जिन किसानों का एग्रीस्टैक में अप्रूवल हो चुका है, वे संबंधित समिति में पहुंचकर कंप्यूटर ऑपरेटर के माध्यम से अपने छूटे हुए खसरों की मैपिंग करा सकते हैं।
इस सुविधा के दोबारा शुरू होने से उन किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके खसरे तकनीकी या अन्य कारणों से छूट गए थे। ऐसे किसान समय रहते अपनी संबंधित सहकारी समिति में संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।



