सीतापुर में स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन संपन्न, मितानिन दीदियों के समर्पण को मिला सम्मान
एमएलए एजुकेशन सेंटर परिसर में जुटीं स्वास्थ्य कार्यकर्ता; टीकाकरण, स्वच्छता और ग्राम पंचायत की समस्याओं एवं नए भवन की सौगात पर हुई चर्चा

The Chalta/सीतापुर विकासखंड के एमएलए एजुकेशन सेंटर परिसर में स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। सम्मेलन में विकासखंड की समस्त मितानिन, एमटी, प्रेरक एवं ग्राम स्वच्छता एवं पोषण समिति के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम स्वच्छता एवं पोषण समिति के तत्वावधान में हुआ।


बीएमओ सीतापुर पैंकरा जी ने अपने संबोधन में कहा कि शत-प्रतिशत टीकाकरण और मोतियाबिंद उन्मूलन हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने मितानिनों के अथक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आप सभी की मेहनत से ही स्वास्थ्य सेवाएं घर-घर और गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने सभी को धन्यवाद देते हुए शुभकामनाएं दीं।
विधायक प्रतिनिधि श्रवण दास जी ने मितानिन दीदियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्ध रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विधायक प्रतिनिधि होने के नाते किसी भी समस्या को वे विधायक एवं सरकार तक पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे।

मंडल अध्यक्ष त्रिलोचन सदावर्ती जी ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने एसएसएसवीआर (SSSVR) की सराहना करते हुए कहा कि आज जिस सुसज्जित मंच और भवन के नीचे यह कार्यक्रम हो रहा है, वह इसी पहल की देन है। उन्होंने पूर्व में मितानिनों को भवन और मंच की समस्या का सामना करना पड़ता था, जो अब समाप्त हो चुकी है।

महिला मोर्चा महामंत्री संगीता कंसारी ने मितानिन दीदियों द्वारा महिलाओं की सुरक्षित प्रसूति में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका को विस्तार से बताते हुए भावुक शब्दों में उनके सेवा भाव को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज जो मंच मिला है, वह सभी दीदियों के सामूहिक प्रयास और विधायक के सहयोग का परिणाम है।

कार्यक्रम के दौरान सीतापुर और गिरहुलडीह की मितानिन दीदियों ने पारंपरिक सुगा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर वातावरण को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। उनकी प्रस्तुति ने सम्मेलन को उत्साह और आत्मीयता से भर दिया।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने संबोधित करते हुए कहा कि लगभग चार माह बाद आप सभी से पुनः इस परिसर में मिलकर हर्ष हो रहा है। उन्होंने बताया कि मितानिनों की मांग के अनुरूप नए भवन का प्रस्ताव माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है और आगामी बजट में भवन स्वीकृत होगा आप निश्चिंत रहें।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में अवसर मिलने पर वे मितानिनों की समस्याओं के मुद्दे प्रमुखता से उठा रहे हैं उसे उनके प्रयासों को सभी टीवी पर देख सकेंगे। विधायक ने रसोइया दिवस के मुद्दे का उल्लेख करते हुए बताया कि यह सवाल दिल्ली तक पहुंचा और अब 5 अप्रैल को रसोइया दिवस मनाया जाएगा।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि सभी मितानिन दीदियों के समक्ष अब ड्रेस है अब दो समान रंग के स्कार्फ वितरित किए जाएंगे, ताकि एकरूपता और टीम भावना मजबूत हो। ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, एमटी और मितानिन दीदियों के लिए जैकेट कोड की तरह स्कार्फ कोड भी निर्धारित होगा।

सम्मेलन के दौरान मितानिन दीदियों ने अपने-अपने ग्राम पंचायतों की समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन विधायक को सौंपते हुए उचित कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील गुप्ता, बीपीएम चंद्रा, सीएचसी लैब स्टाफ कुशवाहा, जिला कोऑर्डिनेटर अर्चना कुशवाहा, डीडीसी मितानिन दीदी, सरपंच दीदी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में मितानिन दीदियां उपस्थित रहीं।
सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि जब सेवा, समर्पण और सहयोग एक साथ आते हैं, तो विकास की राह स्वतः प्रशस्त हो जाती है।



