किसानों के हित में राज्य सरकार का बड़ा फैसला, धान खरीदी में दो दिन की बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 4 और 5 फरवरी को भी धान खरीदी जारी रखने की घोषणा, अब तक 140 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी

The Chalta/छत्तीसगढ़ में किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने धान खरीदी को लेकर एक अहम निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने धान खरीदी की अवधि में दो दिवस की वृद्धि करने की घोषणा की है। अब प्रदेश भर में 4 और 5 फरवरी को भी किसानों का धान खरीदा जाएगा।

राज्य सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चालू खरीफ विपणन वर्ष में अब तक प्रदेश में लगभग 140 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इस दौरान 25.11 लाख से अधिक किसानों से धान उपार्जन किया गया है।
धान खरीदी के एवज में सरकार द्वारा किसानों को अब तक 33 हजार 149 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रतिबद्ध है और धान खरीदी की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा किया जाएगा।
सरकार के इस फैसले से उन किसानों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित समय में धान नहीं बेच पाए थे।



