केरजु समिति ऋण घोटाला मामला: किसानों को न्याय का भरोसा, एसडीएम नेतृत्व में हो रही जांच- निष्पक्ष जांच का भरोसा
विधायक रामकुमार ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस संवेदनशील मामले में राजनीतिक भ्रम फैलाया जा रहा है...

The Chalta/सीतापुर (सरगुजा)/आदिम जाति सेवा सहकारी समिति केरजु में किसानों के नाम पर हुए कथित फर्जी ऋण आहरण के मामले को लेकर पीड़ित किसानों से मिलने विधायक रामकुमार टोप्पो, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल एवं जिलाध्यक्ष अनिल निराला ग्राम केरजु पहुंचे।
जहां सैकड़ों की संख्या में मौजूद किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं और निष्पक्ष जांच की मांग की। किसानों की मांग पर विधायक रामकुमार टोप्पो ने स्पष्ट आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाएगी। उन्होंने इस संबंध में कलेक्टर को अवगत कराया है, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम के नेतृत्व में जिला स्तरीय जांच टीम गठित कर जांच जारी है की बात कही है।
किसानों को संबोधित करते हुए विधायक ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस संवेदनशील मामले में राजनीतिक भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने पूर्व खाद्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि केरजु समिति में 2 से ढाई हजार किसानों के नाम पर 10–12 करोड़ रुपये के फर्जी ऋण का दावा भ्रामक है, जबकि समिति में कुल पंजीकृत किसान मात्र 1126 हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये घपले पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए, जिसका खामियाजा आज किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
विधायक ने किसानों से अपील की कि वे विपक्ष के बहकावे में न आएं और धैर्य रखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वे किसानों के साथ खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केरजु समिति में ऋण से जुड़े मामले गंभीर हैं और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने बताया कि कुछ किसानों ने स्वेच्छा से ऋण लिया है, जबकि कुछ किसानों के नाम पर बिना जानकारी के ऋण दिखाया गया है, जो जांच का विषय है।

भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने किसानों से अपील की कि वे अपनी ऋण पुस्तिका और पासबुक किसी को भी न सौंपें, क्योंकि इसी की आड़ में फर्जीवाड़े को अंजाम दिया जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में खरीफ फसल के दौरान 829 किसानों को 3 करोड़ 13 लाख 86 हजार 166 रुपये तथा रबी फसल के दौरान 16 किसानों को 27 लाख 80 हजार रुपये, कुल 3 करोड़ 41 लाख 66 हजार 166 रुपये का ऋण वितरित किया गया है। इस ऋण वितरण की सत्यता जांच के बाद स्पष्ट होगी।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि श्रवण दास, मंडल अध्यक्ष त्रिलोचन सदावर्ती, सदानंद गुप्ता, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रद्युम्न पैंकरा, भाजयुमो अध्यक्ष इलु गुप्ता, निर्मल गुप्ता, रूपेश आर्य गुप्ता, समिति अध्यक्ष मदन सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।



