सीतापुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 का शुभारंभ, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह ने…
मुख्य अतिथि निरूपा सिंह ने किया ध्वजारोहण, कार्यकर्ताओं को संगठन सुदृढ़ करने का दिया संदेश

आज दिनांक 01 अप्रैल 2026, बुधवार को सीतापुर स्थित अग्रसेन भवन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 अंतर्गत मंडल प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सरगुजा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह ने पार्टी ध्वज का ध्वजारोहण कर प्रशिक्षण महाअभियान की विधिवत शुरुआत की।

कार्यक्रम के प्रारंभ में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के छायाचित्रों पर पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण किया गया। इसके साथ ही मंडल सीतापुर के प्रशिक्षण सत्रों का क्रम शुरू हुआ।

मुख्य अतिथि श्रीमती निरूपा सिंह ने अपने उद्बोधन में प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भारतीय जनता पार्टी के इतिहास, विचारधारा एवं आचार संहिता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की पंच निष्ठा एवं सिद्धांतों पर चलने का संदेश देते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही “राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय, व्यक्ति तृतीय” के मूल मंत्र को आत्मसात करने का आह्वान किया।


प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ नेताओं एवं वक्ताओं ने अलग-अलग विषयों पर मार्गदर्शन दिया। प्रथम सत्र की अध्यक्षता मोहन यादव ने की, जिसमें फुलेश्वरी सिंह ने “छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत” विषय पर व्याख्यान दिया। द्वितीय सत्र में मोतीलाल गुप्ता की अध्यक्षता में दीपक सिंह तोमर ने भाजपा के इतिहास एवं विकास पर प्रकाश डाला।

तृतीय सत्र में नेमलाल गुप्ता की अध्यक्षता में इंदर भगत ने वैचारिक अधिष्ठान पर प्रशिक्षण दिया, जबकि चतुर्थ सत्र में अनेश्वर गुप्ता की अध्यक्षता में राजकुमार गुप्ता ने कार्यपद्धति पर विस्तृत जानकारी दी।

अंतिम सत्र की अध्यक्षता गंगाराम मरावी ने की, जिसमें सरगुजा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसौदिया ने “कार्य विस्तार में हमारी दृष्टि” विषय पर व्याख्यान देते हुए कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।


प्रशिक्षण महाभियान के तहत 5 अप्रैल तक विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।



