होली से पहले आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई, 4 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
उचडीह-मोहनपुर मार्ग पर गश्त के दौरान बाइक सवार पकड़ा गया, विशेष न्यायालय अंबिकापुर के आदेश पर भेजा गया जेल

सरगुजा। होली पर्व के मद्देनजर अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा टीम को बड़ी सफलता मिली है। 28 फरवरी 2026 को थाना रघुनाथपुर अंतर्गत उचडीह-मोहनपुर मार्ग पर गश्त के दौरान टीम ने बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को तेज रफ्तार में जाते देखा। टीम द्वारा ओवरटेक कर रोकने का प्रयास करने पर बाइक के पीछे बैठा युवक मौके से फरार हो गया, जबकि चालक को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम आशीष पटेल निवासी ग्राम कोट, चौकी रघुनाथपुर, थाना लुंड्रा बताया। तलाशी के दौरान उसके पीठ पर टंगे पिठ्ठू बैग से एक-एक किलो के चार पैकेट गांजा बरामद किए गए। तौल करने पर कुल वजन 4 किलोग्राम पाया गया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे माननीय विशेष न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया गया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि होली के अवसर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम लगातार गश्त कर तस्करों पर कड़ी नजर रख रही है।
इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता तथा महिला सैनिक राजकुमारी और चंद्रावती का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



