बतौली में कलेक्टर अजीत वसंत का औचक निरीक्षण,अधीक्षिका हटाने के निर्देश
कस्तूरबा आश्रम की अव्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी, अधीक्षिका हटाने के निर्देश

सरगुजा। कलेक्टर अजीत वसंत ने बतौली क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम भटको स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (आश्रम) का निरीक्षण कर वहां व्याप्त गंभीर अव्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने वर्तमान छात्रावास अधीक्षिका शांतिमनि कुजूर के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने एसडीएम एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल अधीक्षिका को हटाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए तथा आश्रम की सभी व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार लाया जाए।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने भी आश्रम का निरीक्षण कर अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई थी और सुधार के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके लंबे समय से पदस्थ अधीक्षिका की कार्यशैली के चलते व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका, जिसके परिणामस्वरूप कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने करदना हाई स्कूल, प्राथमिक शाला, पीडीएस भवन, मध्यान्ह भोजन केंद्र एवं निर्माणाधीन पीडीएस भवन का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर से चर्चा की। ग्रामीणों ने यहां पदस्थ डॉक्टर भारत के स्थानांतरण तथा नियमित बीएमओ की नियुक्ति की मांग रखी। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में शीघ्र सुधार के लिए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिक अशीष ने कहा कलेक्टर जी के इस औचक निरीक्षण से क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ी और आमजन में सकारात्मक संदेश गया है। कलेक्टर साहब को जब भी समय मिले औचक निरीक्षण करते रहना चाहिए, ताकि सभी अधिकारी कर्मचारी जागकर चौकसी से अपना कर्तव्य निर्वहन करें।



