मैनपाट जामडीह चौक के पास स्कार्पियो पलटी, चालक सत्येन्द्र खलखो की मौत : दूसरी बड़ी खबर एनएच-43 पर साइकिल सवार को बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

The Chalta/सीतापुर/मैनपाट। बीती रात मैनपाट के जामडीह चौक के पास एक तेज रफ्तार स्कार्पियो (क्र. 25BH5561J) अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान धरमपुर निवासी सत्येन्द्र खलखो के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सत्येन्द्र बड़ा मेहमानी कार्यक्रम में काराबेल खालपारा से मुड़ेकेला गए थे। वापसी के दौरान सवारियों को छोड़ते समय जजगा जामडीह चौक के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना के समय वाहन स्वयं सत्येन्द्र चला रहे थे या कोई अन्य व्यक्ति।

मृतक के पिता सीआईएसएफ में पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने जीविकोपार्जन के लिए सत्येन्द्र को किराये पर चलाने हेतु स्कार्पियो वाहन दिलाया था।
दुर्घटना में काराबेल के अन्य सभी सवार सुरक्षित बताए जा रहे हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि हादसे की परिस्थितियों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, क्योंकि अन्य सवारों को खरोंच तक नहीं आई है।
दूसरी बड़ी खबर

बीती शाम सीतापुर के प्रतापगढ़ सड़क पारा में एनएच-43 पर साइकिल सवार नंदलाल (49 वर्ष) को चलता बरपारा के युवक ने मोटरसाइकिल से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल नंदलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों शवों को परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीतापुर लाया गया है। पुलिस मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



