मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली, युवाओं को उद्योगों से जोड़ने पर जोर
तकनीकी संस्थानों के आधुनिकीकरण और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर बनाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 03/02/2026 के दिन मंत्रालय, महानदी भवन में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने प्रदेश के तकनीकी संस्थानों के आधुनिकीकरण, प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार और युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कौशल प्रदान करने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में नए उद्योगों की स्थापना होने जा रही है। ऐसे में युवाओं को पहले से ही आवश्यक कौशल से लैस करना जरूरी है, ताकि वे इन उद्योगों में बेहतर रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सीधे रोजगार से जोड़ा जाए और उद्योगों के साथ समन्वय कर युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सशक्त युवा ही आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की नींव हैं और इस दिशा में विभागों को ठोस व प्रभावी कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ना होगा।



