सीतापुर: अज्ञात मृतक की हुई शिनाख्त, हरिजन पारा निवासी विकास भारती के रूप में हुई पहचान
पोस्टमार्टम के उपरांत मृतक का शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। घटना के कारणों की पुष्टि हेतु पुलिस जांच जारी है.

The chalta/सीतापुर, 4 सितंबर —
स्थानीय रेस्ट हाउस के सामने मुख्य मार्ग पर घायल अवस्था में पाए गए एक युवक को अज्ञात लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया था जिसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, पुलिस ने युवक की पहचान कर ली है। युवक की पहचान नर्मदापुर हरिजन पारा निवासी विकास भारती, पिता समीतालाल भारती, उम्र 25 वर्ष के रूप में की गई है।
मामला 2 और 3 सितंबर की दरमियानी रात का है, जब स्थानीय लोगों ने विकास को गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीतापुर में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी गौरव पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि शव की शिनाख्त विकास भारती के रूप में हुई है, जिसे घटना से पूर्व दिन में बस स्टैंड सीतापुर में घूमते हुए भी देखा गया था। घटना कैसे हुई, इसमें किसी वाहन की टक्कर या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है। पुलिस वाहन संबंधी तथ्यों और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के उपरांत मृतक का शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। घटना के कारणों की पुष्टि हेतु पुलिस जांच जारी है।