छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने जापान प्रवास में भारतीय समुदाय से किया संवाद
आईटी, डिजिटल, ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग और खाद्य प्रसंस्करण में अपार संभावनाओं की चर्चा. भारतीय समुदाय ने भरोसा दिलाया—छत्तीसगढ़-जापान रिश्तों को सशक्त बनाने में निभाएंगे सक्रिय भूमिका..

टोक्यो। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान वहां बसे भारतीय समुदाय के सदस्यों से सौहार्दपूर्ण भेंट एवं संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रवासी भारतीयों को राज्य सरकार की हालिया नीतिगत पहल, निवेश को प्रोत्साहित करने वाले सकारात्मक माहौल तथा बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन पर केंद्रित प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आईटी, डिजिटल, ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाओं से परिपूर्ण है। राज्य सरकार पारदर्शिता, सुशासन और उद्योगों के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री की बातों से प्रेरित होकर प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे छत्तीसगढ़ और जापान के बीच संबंधों को और सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। साथ ही, जापानी व्यवसायियों को छत्तीसगढ़ में निवेश अवसर तलाशने हेतु प्रोत्साहित करेंगे।
इस संवाद के दौरान प्रवासी भारतीयों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।