Uncategorized

टोक्यो में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया निवेश संभावनाओं पर विमर्श

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का यह दौरा छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है..

टोक्यो। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय अपने जापान और दक्षिण कोरिया प्रवास के दौरान राजधानी टोक्यो पहुँचे, जहाँ उन्होंने जापानी कंपनी एनटीटी लिमिटेड की सीईओ सुश्री कायो इतो से मुलाक़ात की। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में उपलब्ध आईटी एवं डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी और राज्य में निवेश की अपार संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

गौरतलब है कि 90 बिलियन डॉलर के रेवेन्यू के साथ एनटीटी लिमिटेड आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल सोल्यूशन क्षेत्र में अग्रणी कंपनी है। मुख्यमंत्री ने सुश्री कायो इतो को छत्तीसगढ़ में निवेश हेतु आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य वैश्विक निवेशकों के लिए सुरक्षित, सक्षम और अवसरों से भरपूर गंतव्य है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने टोक्यो स्थित ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर में दर्शन कर छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। असाकुसा मंदिर जापान का सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित मंदिर माना जाता है, जो शांति और सामर्थ्य का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान और दक्षिण कोरिया प्रवास पर है। इस दौरान वे उद्योगपतियों, व्यापार संघों और वैश्विक निवेशकों से सीधे संवाद करेंगे। प्रवास का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में वैश्विक निवेश को आकर्षित करना, दीर्घकालिक साझेदारियाँ स्थापित करना, नए व्यापारिक चैनल खोलना और प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में ज्ञान आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का यह दौरा छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button